संदेश

पंक्तियाँ

कविताएं मर रही हैं कहानी, उपन्यास, नाटक, गीत सभी मर रहे हैं. रघुवंश छोटा हो गया है और बाणभट्ट के आखिरी पन्ने मिट गए हैं. विलियम बरोज़ के शब्द खोए हैं पैटी स्मिथ और बोउवी का संगीत खोखला हो चला है. न अकविता रही है, न तेवरी जीवित है. पंक्तियाँ मिट रही हैं, कोरे हो रहे हैं कागज़. तपती दोपहरी में लिखी पंक्तियों में एक एक कर मरते बदकिस्मतों को न देखने की क्षमता की कीमत तो चुकानी ही थी. कुछ नया आया, पुराने को मिटाने अब नया न जाने कब आएगा, आएगा भी या नहीं.

चाँद

जिस मकान में मैं रहता हूँ एक कमरा है उम्मीद लगाए बैठा है एक घर की भरा हुआ है सामान से जो सजाएंगे उस घर को पूर्व की ओर सागर है जिसपर सदा सूरज उगता रहता है पश्चिम में पर्वत हैं जिनके पीछे छुपता है वही सदा कमरे के बीचों बीच बहुत छोटी है परछाइयाँ. समय का अहसास होता है इस कोने से उस कोने तक पर समय कहीं बाहर टहलने गया है, यहाँ नहीं है. शाम वाले कोने में कभी बैठा टेपें और रसीदें जांचता हूँ, पर वह पल नहीं मिलता जिसमें चाँद को बेच खाया था बादलों में फैली उसकी दरारों समेत, बदले में मिला था दूर तक फैला नीला आकाश.

ख्वाब

भयावह फिल्मों में मेरी कोई भूमिका नहीं है आखिर माँ हूँ मैं। जलते हुए घरों से उनके नीचे छुपे तहखानों से और खून उगलती लाशों से बहुत दूर चली आई हूँ मैं। त्रासदियों की अगरबत्ती से मुँह फेर चुकी हूँ मैं, अब मेरे हिस्से में हैप्पिली एवर आफ्टर है। आखिर माँ हूँ मैं मृत्यु को हरा अमरत्व पाया है मैंने।

पिलपिला आतंक - 2

एक फिल्म देखी कल बाकी सब के बीच उस फिल्म में एक मॉडल थी. दुबली-पतली नया आजमाइशी ड्रग लेकर वह बड़ी खाऊ हो जाती है. न जाने क्या-क्या खाने के बाद अपना एक पैर और बाँया हाथ भी खा जाती है फिर अपनी दाहिनी आँख निकालकर चबा जाती है, पूरी आँख नहीं, केवल पुतली ही अपने खून में बैठी, खून में लथपथ, वहीँ सो जाती है. कुछ ऐसा ही था जब तुमने मुझसे फ़ोन पर बात करते हुए अपने हाथ को चूसना-काटना शुरू किया था हिक्की दी थी खुद को. मुझे लगा, अगर पुरुष खुद को चूस सकते तो प्रतिदिन दो बार तो चूसते ही. आँख भर आई इस विचार तक पहुँचते लगा कुछ खुशनुमां याद करूँ, थोडा खुश हों लूँ - यादों के बहाने. तुम्हारी याद आई, और याद आया तुम्हारा डर, या शायद घृणा तेल, वेसिलीन, क्रीम व चॉकलेट से, तुमपर छाया सार्त्र का पिलपिला आतंक पिलपिलाहट में खोती सतहों को पकड़ने की कोशिश ब्रश से पेंट की परतें उनपर सदा के लिए चढ़ाती तुम. सतहों के बीच कहीं कैद रह गई खुशनुमां यादें. मिली नहीं मुझे.

घृणातीत - 2

शवभक्षी कीड़ों की चादर रोज़ ही चढ़ती है किसी पर सड़क के किनारे. कभी कभी तो इतनी मोटी पसलियाँ धँस जाती हैं बोझ तले. रोज़ होता है वही फिर भी एक भीड़ रोज़ लग जाती है तमाशा देखने. कुछ ऐसे भी हैं जो आगे बढ़ जाते है भीड़ को घूरते खाली समय की तलाश में. चलते रहते हैं फ़ोन की घंटियाँ बजती रहती हैं, पर कोई उठाता नहीं उन्हें.

काँच का कनस्तर

अंधेरों में भटकते हुए कभी कभी गिर जाता हूँ उस दरवाज़े से जो खुलता है सिर्फ मुझमें. मुझे घेर लेते है कई पिशाच दिखते नहीं वे, पर सुनाई देते है साफ़ जपते रहते है लगातार बोलो-बोलो-बोलो. पर मैं नहीं बोलता चुपचाप चलता रहता हूँ अपने काँच के कनस्तर में कैद यह धुंधला-सा काँच जो रौशनी तो रोकता है पर शब्दों को नहीं. शब्द खा कर जीते हैं ये नरक के पहरेदार, कुछ शब्द दे दो इन्हें और ले चलेंगे ये भीतर कहीं, और गहरा. मेरी नाक में भरते है वे काली सिगरेट के धुंए में घुली डिटर्जेंट की गंध, उस कमरे की गंध जिसमें चारों ओर टंगे थे आत्म-चित्र. लाल आखों वाले राक्षस सदा जागने वाले एक तलवार से अलग कर देते है विचारों और वस्तुओं के गोलार्द्ध. धमनियां फूलती हैं, फटती हैं, आँख में उतर आती है एक बूँद गुलाबी कर देती है अन्धकार को. गुलाबी, जैसे अभी जन्में शिशु का चहरा उस भ्रूण का जो मेरे दरवाज़े पर खड़ा मिलता है कभी गुलाबी, उस पुलिंदे जैसी जो लाइ थी मुझे दिखाने वह कहा था हमारा है पर मुझे कुछ याद न था, उसने कहा तुम जैसी नाक है, आखें हैं, पर मुझे नहीं दिखीं. उसने कहा कुछ देर में...

पहचान

एक उम्र हुई, जब में बीस का था और था थोड़ा जुनूनी। एक ख्वाब मिला था तब मुझे मेरी आत्मा के खोल में जीता। जब तक वह जिया बाकी सब बेमायने था। काम-काज, पूजा पाठ, सब। आज भी कभी कभी उस ख्वाब से मिलने जाता हूँ और एक कुस्वप्न में खुद से कहता हूँ - पीछे छूट जाएगा यह ख्वाब इसके सारे दर्द, सारा पागलपन यह धड़कती धमनी, आँख में उतरी खून की बूँद - पर वह नहीं सुनता मेरी पहचानता तक नहीं मुझे।